छतरपुर, संदीप यादव। महाराजपुर थाना क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सावरी माता मंदिर में दर्शन करने पहुंची 9 और 10 साल की दो सहेलियों के साथ करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया है। बच्चियों के परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और महिलाओं ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

प्रसाद में टॉफी देकर बच्चियों को पास बुलाने का आरोप

जानकारी के मुताबिक, दोनों बच्चियां शनिवार सुबह करीब 9 बजे सावरी माता मंदिर में दर्शन करने गई थीं। बच्चियों ने आरोप लगाया कि मंदिर में मौजूद नंदकिशोर सोनी ने उन्हें प्रसाद के रूप में टॉफी दी और अपने पास बुलाकर बैठाया। इसके बाद आरोपी ने दोनों बच्चियों के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। आरोप है कि उसने एक बच्ची की फ्रॉक की चेन खोलने का भी प्रयास किया।

घबराकर घर पहुंचीं बच्चियां, परिजनों को बताई पूरी घटना

घटना के बाद दोनों बच्चियां घबरा गईं और किसी तरह मंदिर से अपने घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बच्चियों की बात सुनकर परिजन और ग्रामीण आरोपी की तलाश में जुट गए। बताया जा रहा है कि आरोपी गड़िया मोहल्ले में छिपा हुआ था।

पहचान होते ही महिलाओं ने आरोपी को पीटा

परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया। बच्चियों द्वारा उसकी पहचान किए जाने के बाद वहां मौजूद महिलाओं में आक्रोश फैल गया। महिलाओं ने आरोपी की चप्पल और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इस दौरान आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।

पुलिस ने हिरासत में लेकर दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी नंदकिशोर सोनी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), पॉक्सो (POCSO) एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और बयानों की जांच कर रही है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।