मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के पित्याखेड़ी गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गांव निवासी जगदीश चंदेल का शव खेत में एक पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से गांव और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नाहरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।


परिजनों ने जगदीश की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार किया है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल भी सामने आया है, जिसके चलते पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

थाने पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जगदीश की मौत से नाराज परिजन और ग्रामीण नाहरगढ़ थाने पहुंचे। यहां करीब दो घंटे तक प्रदर्शन करते हुए उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और यदि हत्या हुई है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों की ओर से उचित कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मौके की परिस्थितियों को जांच का हिस्सा बनाया है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जगदीश ने आत्महत्या की है या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।