बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की चिचोली तहसील स्थित बाजार चौक आर्य समाज भवन में आर्य समाज की ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों, नगरवासियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। इसमें हर्षित कमलेश आर्य को आर्य समाज का नया अध्यक्ष चुना गया।
आय-व्यय का ब्योरा और गुरुकुल निर्माण समिति का गठन
बैठक के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रोहित आर्य ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा और आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। इसके साथ ही बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और गुरुकुल निर्माण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गुरुकुल निर्माण कार्य को गति देने के लिए 'गुरुकुल निर्माण समिति' का गठन किया गया, जिसकी कमान सर्वसम्मति से सचिन आर्य को सौंपी गई। वहीं, युवाओं को जोड़ने के उद्देश्य से अभिनव देवेंद्र आर्य को आर्यवीर दल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
1912 से जारी है विचारधारा का सफर
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सदस्यों ने आर्य समाज के इतिहास और विचारों पर प्रकाश डाला: राजनंद जायसवाल ने बताया कि चिचोली में 1912 में पहली बार आर्य समाज की स्थापना हुई थी और स्वर्गीय घासीराम आर्य इसके पहले अध्यक्ष बने थे। तब से लेकर आज तक विभिन्न अध्यक्षों ने इस विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम किया है।
नरेंद्र आर्य, बटनू पटेल और धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों को जीवित रखते हुए अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बाली मालवीय, विजय आर्य और सुधीर जायसवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नया भवन बनकर तैयार है और गुरुकुल संस्था बनने जा रही है, जिससे हर समाज के लोग जुड़कर लाभान्वित हो रहे हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में रहे सदस्य मौजूद
इस अवसर पर कमल किशोर आर्य, अनिल भुसारी, जितेंद्र पटेल, रमेश आर्य, अशोक वैद्य, मनोज आर्य, नवनीत आर्य, क्रांति आर्य, ओम मदरेले, हर्ष भुसारी, सेम आर्य, संजय आवलेकर, चंचल आर्य, ओम माछीवार और बद्री सोनी सहित आर्य समाज के कई पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




