भोपाल। भारतीय पुलिस सेवा के 1995 बैच के अ​धिकारी ए. साईं मनोहर अब मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के दिल्ली कार्यालय में बतौर सलाहकार अपनी सेवाएं देंगे। वे हाल ही में 31 अगस्त को सेवा निवृत्त हुए हैं। 1 सितंबर को जारी किए गए आदेश में उल्लेख किया गया है कि ए साईं मनोहर (सेवानिवृत्त आईपीएस) को सलाहकार के रूप में मुख्यमंत्री कर्यालय नई दिल्ली मुख्यालय में 1 वर्ष अथवा आगामी आदेश तक (जो भी पहले हो) कार्यभार करने की दिनांक से नियुक्त किया जाता है।


उल्लेखनीय है कि ए.साईं मनोहर छतरपुर जिले में बतौर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अ​धिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और उनका कार्यकाल छतरपुर जिले में हमेशा याद किया जाता है। लगभग 16 घंटे सेवाएं देने वाले आईपीएस अ​धिकारी साईं मनोहर ने यह साबित कर दिया था कि पुलिस के अ​धिकारी न केवल बेहतर कानून व्यवस्थाएं कर सकते हैं ब​ल्कि ग्रामीण विकास में भी वे बेहतर करने की क्षमता रखते हैं। यही वजह है कि छतरपुर जिले के ग्रामीण विकास के तत्कालीन अ​धिकारी जो अब लगभग सेवानिवृत्त हो चुके हैं वे अभी भी पुन: एक कुशल प्रशासक के रूप में याद करते रहते हैं।


आज के दौर में बेहद ईमानदार, कर्मठ और मेहनत के साथ सेवाएं देने वाले अ​धिकारियों में उनका नाम सबसे पहले लिया जाता है। उन्होंने छतरपुर के अलावा राजगढ़, इंदौर, नरसिंहपुर और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में बेहतर कानून व्यवस्था दी है। इसके अलावा वे सीबीआई में रहते हुए दिल्ली और विशाखापट्टनम जैसे जगहों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।