सतना,अंबिका केशरी। सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के राजीव नगर नई बस्ती में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने नशे की हालत में बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद भागने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे नाली में जा घुसी। इस घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामले की जांच जारी है।



जानकारी के मुताबिक, आरोपी चालक नशे की हालत में तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। उसने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर मौके से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने रास्ते में कई राहगीरों को भी टक्कर मारने का प्रयास किया। भागते समय चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सड़क किनारे बनी नाली में जा घुसी।


घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि चालक पूरी तरह नशे में था और उसकी लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।