नौगांव, कमल यादव। शुक्रवार को ओबीसी महासभा के बैनर तले विभिन्न जनसमस्याओं एवं मांगों को लेकर नौगांव में प्रदर्शन किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर के मुख्य बाजार से होते हुए तहसील चौराहे तक रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इसके बाद अनुभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान ओबीसी महासभा ने नौ बिंदुओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में प्रमुख रूप से लगातार हो रही विद्युत कटौती, समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध न होना, पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम तथा गांव-गांव में अवैध रूप से बिक रही शराब पर रोक लगाने जैसी मांगों को शामिल किया गया।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी भी की। संगठन के पदाधिकारियों का कहना था कि आम जनता महंगाई एवं मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
ज्ञापन लेने के लिए नौगांव जनपद पंचायत सीईओ प्रभास घनगोरिया पहुंचे। इस दौरान ओबीसी महासभा की जिला अध्यक्ष राजलक्ष्मी कुशवाहा ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मांगों को प्रमुखता से रखते हुए प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो संगठन आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

