राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 27 नवंबर को ओडिशा विधानसभा को संबोधित करेंगी। यह पहला अवसर होगा जब कोई वर्तमान राष्ट्रपति विधानसभा में सदस्यों को सीधे संबोधित करेगी। उनका संबोधन शीतकालीन सत्र की औपचारिक शुरुआत होगा।

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मु 27 नवंबर को भुवनेश्वर एयरपोर्ट पहुंचकर राजभवन जाएंगी। शाम 4:20 बजे वे विधानसभा पहुंचेंगी और 4:30 बजे अपना संबोधन शुरू करेंगी। कार्यक्रम में राज्यपाल डॉ. हरि बाबू कंभंमपटी, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और सभी विधायक मौजूद रहेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मु इससे पहले ओडिशा में नौ वर्षों तक विधायक रहीं और राज्य कैबिनेट में मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।

अपने संबोधन से पहले राष्ट्रपति राजभवन में एक अतिथि गृह का शुभारंभ भी करेंगी।