नई दिल्ली। फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) ने अपने हैदराबाद कैंपस में एकेडमिक जरूरतों को पूरा करने के लिए 'स्कूल ऑफ लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन' और 'स्कूल ऑफ रिटेल एंड फैशन मर्चेंडाइज' में जूनियर फैकल्टी और एकेडमिक सपोर्ट स्टाफ के पदों पर भर्ती के लिए योग्य पेशेवरों से एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। ये नियुक्तियां एड-हॉक (अस्थायी) आधार पर की जाएंगी। एफडीडीआई की ओर से जारी रिक्तियों में जूनियर फैकल्टी (लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन) का 1, जूनियर लैब असिस्टेंट (स्कूल ऑफ लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन) का 1 और जूनियर लैब असिस्टेंट (स्कूल ऑफ फैशन डिजाइन) का 1 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि इन पदों के विज्ञापन जारी होने की तारीख से 15 दिन तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एफडीडीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर, संबंधित पदों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए आवेदन लिंक या क्यूआर कोड को स्कैन कर सीवी के साथ अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म तय समय सीमा के अंदर जमा कर दें।
जूनियर लैब असिस्टेंट (स्कूल ऑफ फैशन डिजाइन) पद के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या बोर्ड से 8वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं, 10वीं पास वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
जूनियर लैब असिस्टेंट (स्कूल ऑफ लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन) पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से 12वीं पास या उससे ऊपर की योग्यता होनी चाहिए।
जूनियर फैकल्टी (लेदर गुड्स एंड एक्सेसरीज डिजाइन) पद के लिए कैंडिडेट्स के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी/संस्थान से डिजाइन/लेदर डिजाइन/अपैरल डिजाइन/गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी/लेदर गुड्स और एक्सेसरीज डिजाइन/लेदर गारमेंट्स में कम से कम 55 प्रतिशत मार्क्स के साथ ग्रेजुएशन के बाद कम से कम 2 वर्ष की मास्टर डिग्री या पीजी डिप्लोमा होना चाहिए। इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 1 से 3 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/स्किल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी जूनियर फैकल्टी पद के लिए 50,000 रुपए और जूनियर लैब असिस्टेंट पोस्ट के लिए 30,000 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

