छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत चंदला कस्बे में एक महिला के साथ शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दैहिक शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। नगर के वार्ड नंबर-2 में कियोस्क बैंक संचालित करने वाले संचालक प्रभात अग्रवाल पर पीड़िता ने शादी का प्रलोभन देकर बीते पांच वर्षों तक लगातार दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की लिखित शिकायत पर चंदला थाना पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए दुष्कर्म सहित अन्य संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया।

दर्ज कराई गई शिकायत के विवरण के अनुसार, वार्ड क्रमांक-2 निवासी आरोपी प्रभात अग्रवाल पिछले पांच वर्षों से पीड़िता के संपर्क में था। आरोप है कि वह लगातार महिला को शादी करने का झूठा भरोसा और झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। लंबे समय तक चले इस सिलसिले के बाद जब हाल ही में पीड़िता ने सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया और उसने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया।


आरोपी द्वारा धोखा दिए जाने और शादी से स्पष्ट मना किए जाने के बाद पीड़िता ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर सीधे चंदला थाने पहुंचकर पुलिस के समक्ष अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता के बयानों और लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी प्रभात अग्रवाल के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।


पुलिस ने तत्परता से की गिरफ्तारी, न्यायालय ने भेजा सलाखों के पीछे

अपराध की गंभीरता को देखते हुए चंदला थाना पुलिस की टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी कियोस्क संचालक प्रभात अग्रवाल को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताओं के पश्चात पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। विद्वान न्यायाधीश ने मामले की गंभीरता और साक्ष्यों को दृष्टिगत रखते हुए आरोपी की जमानत याचिका खारिज करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश जारी किए।