छतरपुर। छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के तहत पूर्व में चंद्रनगर चौकी प्रभारी से प्रकाश बम्होरी थाने के लिए किए गए उपनिरीक्षक सुमित कुमार सुमन के स्थानांतरण को निरस्त करते हुए उन्हें अब जुझारनगर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं जुझारनगर थाना प्रभारी रहे उपनिरीक्षक राजकुमार यादव को प्रकाश बम्होरी थाने की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके साथ ही एक अन्य आदेश में पुलिस लाइन (प्रभारी एसजेपीयू) में पदस्थ निरीक्षक कृपाल सिंह मार्को को बमनौरा थाना प्रभारी पदस्थ किया गया है। वहीं बमीठा थाने में पदस्थ कार्यवाहक उपनिरीक्षक (का.वा.उनि) संतोष सिंह को थाना बमीठा अंतर्गत सीलोन चौकी का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी दोनों आदेशों को तत्काल प्रभाव से लागू करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपनी नवीन पदस्थापना पर शीघ्र आमद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।