मुंबई | बॉलीवुड के दबंग स्टार सलमान खान सोमवार को मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के तहत आयोजित व्याख्यानमाला कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम संघ की 100 वर्षों की यात्रा और भविष्य की दिशा पर केंद्रित था।
नेहरू सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित “100 Years of Sangh Journey: New Horizons” कार्यक्रम में सलमान खान की मौजूदगी ने सभी का ध्यान खींचा। डार्क ब्लू शर्ट और कूल अंदाज़ में सलमान जैसे ही कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, मीडिया कैमरों की नजरें उन पर टिक गईं।
कार्यक्रम के पहले सत्र में RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने संघ की 100 साल पुरानी यात्रा, उसकी भूमिका और विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ का कार्य “देश और समाज के विकास के लिए समर्पित है, न कि किसी के खिलाफ।
संघ की ओर से इस व्याख्यानमाला के लिए कुल 1208 अतिथियों को आमंत्रण भेजा गया था, जिनमें से 850 से अधिक गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे। समारोह में कई नामी हस्तियां भी शामिल हुईं, जिनमें अभिनेता रणबीर कपूर, फिल्म निर्माता सुभाष घई और गीतकार-कवि प्रसून जोशी प्रमुख रहे।
RSS के दो दिवसीय इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता, विचारक और आम नागरिक शामिल हो रहे हैं। यह आयोजन संघ के शताब्दी वर्ष की प्रमुख गतिविधियों में से एक है, जिसका उद्देश्य संगठन के इतिहास, विचारधारा और भविष्य के एजेंडे पर व्यापक चर्चा करना है।

