छतरपुर /बमीठा। छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपनी मां पर उसके साथ सौदा करने और मां के प्रेमी पर खेत में ले जाकर दो बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की गंभीर धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि घटना के बाद पीड़िता घायल अवस्था में अपने पिता के पास पहुंची और उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर बमीठा थाने पहुंचे। पुलिस ने नाबालिग को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता आठवीं कक्षा में पढ़ती है और उसका परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर बताया जा रहा है। पीड़िता के आरोपों के अनुसार, उसकी मां ने अपने करीब 35 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर उसे खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करवाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बमीठा थाना पुलिस ने आरोपी प्रेमी और पीड़िता की मां के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
एडिशनल एसपी आदित्य पाटले ने बताया कि नाबालिग के बयानों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













