सियोल। दक्षिण कोरिया में भीषण गर्मी और हीटवेव का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इस साल अब तक गर्मी से जुड़ी बीमारियों के कारण 21 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 2,441 लोग हीटवेव से प्रभावित होकर अस्पतालों के आपातकालीन विभाग (इमरजेंसी रूम) पहुंचे हैं।

दक्षिण कोरिया की कोरिया डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन एजेंसी (केडीसीए) के अनुसार, मई के मध्य से शुरू की गई हीट-रिलेटेड इलनेस सर्विलांस प्रणाली के तहत मंगलवार तक ये आंकड़े दर्ज किए गए हैं।

हालांकि, पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इस बार गर्मी से बीमार होने वालों की संख्या कम रही है, लेकिन मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है। इस साल अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जो पिछले साल दर्ज 20 मौतों के आंकड़े को भी पार कर गई है।

हालिया मामलों में नॉर्थ चुंगचियोंग प्रांत के यूमसियोंग काउंटी में खेत में काम कर रहे 60 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार को लू लगने से मौत हो गई।

स्वास्थ्य एजेंसी के मुताबिक, इस साल दर्ज मरीजों में 61.7 प्रतिशत हीट एग्जॉशन (अत्यधिक गर्मी से थकावट), 16.8 प्रतिशत हीट स्ट्रोक और 11.5 प्रतिशत हीट क्रैम्प्स (गर्मी के कारण मांसपेशियों में ऐंठन) से पीड़ित पाए गए।

इस बीच, मौसम विभाग ने बुधवार को ग्रेटर सियोल क्षेत्र के लिए हीटवेव की गंभीर चेतावनी जारी करते हुए क्षेत्र के 43 प्रतिशत हिस्से को सबसे उच्च अलर्ट स्तर पर रखा है।

उधर, कोरिया मौसम प्रशासन (केएमए) ने बताया कि इस वर्ष जुलाई में देश का औसत तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो रिकॉर्ड पर तीसरा सबसे अधिक जुलाई तापमान है। इससे पहले 1994 में 27.7 डिग्री सेल्सियस और 2025 में 27.1 डिग्री सेल्सियस का औसत तापमान दर्ज किया गया था।

रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने वाली उष्णकटिबंधीय रातों (ट्रॉपिकल नाइट्स) की औसत संख्या 9.7 दिन रही, जो अब तक का नया रिकॉर्ड है। इससे पहले जुलाई 2025 में 8.8 दिन और जुलाई 1994 में 8.5 दिन का रिकॉर्ड था।

जुलाई के दौरान देशभर में औसतन 8.9 दिनों तक हीटवेव एडवाइजरी जारी रही। सबसे अधिक असर दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां डेगू में 22 दिन, गुमी में 21 दिन और मिरयांग में 20 दिन तक हीटवेव की चेतावनी प्रभावी रही। इसके विपरीत राजधानी सियोल में केवल दो दिन ही हीटवेव एडवाइजरी जारी की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई में देशभर में 220.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य जुलाई वर्षा 296.5 मिलीमीटर का केवल 72.3 प्रतिशत है। सबसे गंभीर सूखे की स्थिति साउथ ग्योंगसांग प्रांत में रही, जहां पूरे महीने केवल 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत का महज 21.9 प्रतिशत है।