दमोह/बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के पिपरोधा गांव में सोमवार सुबह करीब 4 बजे एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। ससुराल पहुंचे एक दामाद ने सो रहे अपने ससुर पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। आरोपी ने घटना की आहट सुनकर जागी एक युवती पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान रमेश रैकवार (करीब 65 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रमेश रैकवार रात में घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान उनके दामाद रामप्रसाद रैकवार ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान आहट सुनकर जागी युवती गंगा बाई पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
शराब के नशे में विवाद की बात
परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी रामप्रसाद रैकवार शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। मृतक की बेटी रश्मि रैकवार के मुताबिक, पति की मारपीट से परेशान होकर वह अपने मायके पिपरोधा आ गई थी। रविवार शाम उसका पति भी ससुराल पहुंच गया था। रात में ससुर रमेश रैकवार ने दोनों को समझाइश दी थी। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने खाना खाकर सो गए। रश्मि के अनुसार, रात में रामप्रसाद ने कुल्हाड़ी से उसके पिता पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसी दौरान उसकी रिश्ते की बहन गंगा बाई पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हत्याकांड की सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है, जबकि वारदात के बाद फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।




