छतरपुर। जिले के नवागत कलेक्टर मृणाल मीना ने पदभार ग्रहण करते ही जिले की महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं से प्रभावित नागरिकों के हित में बड़ा फैसला लिया है। कलेक्टर ने केन-बेतवा लिंक परियोजना तथा ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना से प्रभावित कुल 62 पात्र व्यक्तियों के लिए 7 करोड़ 53 लाख 81 हजार 745 रुपये की मुआवजा और पुनर्वास राशि स्वीकृत कर दी है। कलेक्टर के इस त्वरित फैसले से लंबे समय से मुआवजे का इंतजार कर रहे प्रभावित परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्वीकृत राशि निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सीधे लाभार्थियों को प्रदान की जाएगी।


केन-बेतवा लिंक परियोजना: 5 ग्रामों के 59 प्रभावितों को ₹7.37 करोड़

महत्वाकांक्षी केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत डूब और अधिग्रहण क्षेत्र में आने वाले 5 ग्रामों के 59 प्रभावित व्यक्तियों के लिए कुल 7 करोड़ 37 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

ग्रामवार स्वीकृत राशि का ब्योरा:

  • ग्राम सुकवाहा: 16 व्यक्तियों के लिए ₹2 करोड़
  • ग्राम ढोढ़न: 3 व्यक्तियों के लिए ₹37.50 लाख
  • ग्राम खरयानी: 20 व्यक्तियों के लिए ₹2.50 करोड़
  • ग्राम भौरखुवा: 11 व्यक्तियों के लिए ₹1.37 करोड़
  • ग्राम कदवारा: 9 व्यक्तियों के लिए ₹1.12 करोड़ 50 हजार


ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के 3 प्रभावितों को भी लाभ

केन-बेतवा प्रोजेक्ट के अलावा, ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन परियोजना के तहत भूमि व संपत्ति गंवाने वाले ग्राम टिकुरी के 3 पात्र व्यक्तियों के लिए भी कलेक्टर द्वारा 16 लाख 81 हजार 745 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

दोनों प्रमुख परियोजनाओं को मिलाकर जिले के कुल 62 परिवारों को 7.53 करोड़ रुपये से अधिक की पुनर्वास राशि प्राप्त होगी।


पदभार संभालते ही एक्शन मोड में कलेक्टर

कलेक्टर मृणाल मीना द्वारा पदभार संभालते ही मुआवजे की फाइल को त्वरित मंजूरी देना यह स्पष्ट दर्शाता है कि जिला प्रशासन विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ प्रभावितों के पुनर्वास और अधिकारों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।