छतरपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत महोबा रोड पर एक महिला द्वारा आपसी विवाद के चलते अपने ही पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत होने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। मेडिकल रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को हिरासत में ले लिया है।


मिशन अस्पताल के पास महोबा रोड निवासी दीपक रैकवार की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। शुरुआत में जीरो पर मर्ग कायम कर जब मामले की विस्तृत जांच की गई, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस की कड़ियों, एकत्रित साक्ष्यों और गवाहों के कथनों से यह स्पष्ट हुआ कि मृतक का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी ने डंडे से हमला कर उसे गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इन्हीं चोटों के कारण उपचार के दौरान अस्पताल में दीपक ने दम तोड़ दिया था।


आरोपी पत्नी जेल रवाना, डंडा जब्त कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पति की हत्या की आरोपी पत्नी कमला रैकवार को घेराबंदी कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस टीम ने कागजी औपचारिकताएं और विधिवत कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।