बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। जुलवानिया टोल प्लाजा के पास करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
जानकारी के मुताबिक सभी युवक एक बारात से लौट रहे थे। रास्ते में एक वाहन का डीजल खत्म हो जाने पर कुछ युवक दूसरी कार से डीजल लेने निकले थे। इसी दौरान खरगोन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने में करीब एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दो और युवकों ने दम तोड़ दिया।
हादसे में सचिन गोकुल वास्कले (25), प्रद्युम्न सहते (25), पप्पू (29), आकाश (25) और यशवंत सुपड़िया (30) की मौत हो गई। वहीं सुरेश (28) और सोहन (28) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

