छतरपुर। छतरपुर शहर के हृदयस्थल चौक बाजार में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम के दौरान देर रात अचानक विवाद हो गया। गोवर्धन टॉकीज और एसबीआई बैंक के सामने हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दो पक्षों के बीच जमकर हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
सफेद और गुलाबी शर्ट पहने युवकों में शुरू हुई बहस, फिर चले लात-घूंसे
सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद शर्ट और गुलाबी शर्ट पहने दो युवक पहले आपस में तीखी बहस करते नजर आते हैं। देखते ही देखते दोनों के बीच झूमाझटकी और हाथापाई शुरू हो जाती है। माहौल बिगड़ते ही वहां मौजूद कई अन्य लड़कों ने मिलकर गुलाबी शर्ट पहने युवक पर हमला कर दिया, जिसके बाद वह युवक खुद का बचाव करते हुए मौके से भागता हुआ दिखाई दिया।
मटकी फोड़ने वाली टीमों के बीच विवाद की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
चर्चा है कि यह विवाद मटकी फोड़ने की होड़ में जुटी युवकों की दो अलग-अलग टोलियों या गुटों के बीच हुआ था। हालांकि, झगड़ा किस बात को लेकर शुरू हुआ और इसमें शामिल युवक कौन थे, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना से कुछ देर के लिए कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले युवकों की पहचान करने और मामले की सच्चाई जुटाने का प्रयास कर रही है।




