छतरपुर/लवकुशनगर, जावेद खान। जहां एक ओर पूरा इलाका विजयादशमी का त्योहार मना रहा था, वहीं लवकुश नगर थाना क्षेत्र के गुढ़ा कला गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 35 वर्षीय शोभा लाल कुशवाहा पिता जिद्दी कुशवाहा खून से लथपथ हालत में जमीन से लगभग 15 फीट ऊंचे महुआ के पेड़ पर मिले। उनके गले पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। इस खौफनाक घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

पेड़ पर खून से लथपथ व्यक्ति मिलने की खबर आग की तरह फैली और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही एसडीओपी नितेश पटेल और थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस टीम ने तुरंत घायल को पेड़ से नीचे उतरवाकर अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

हत्या या आत्महत्या? दो साल से मानसिक रूप से अस्वस्थ था मृतक

15 फीट की ऊंचाई पर गले पर गंभीर चोट के साथ व्यक्ति का मिलना इस मामले को जटिल बना रहा है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या और आत्महत्या दोनों कोणों से देख रही है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि शोभा लाल की बीते दो सालों से मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने इसे आत्महत्या की आशंका बताया है।

एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले का सच सामने लाने के लिए बुधवार दोपहर एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपट्र्स की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। जांच टीम ने पेड़ के तने, आसपास की मिट्टी और अन्य साक्ष्यों से फिंगरप्रिंट व नमूने एकत्र किए हैं ताकि घटना की कड़ी से कड़ी जोड़ी जा सके।

जांच के बाद होगा कारणों का खुलासा

एसडीओपी नितेश पटेल ने बताया कि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।