भिंड, अक्षय जोशी। जिले के बरोही थाना क्षेत्र के अम्लेहडा गांव में तालाब में डूबने से 11 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कृष्णा धाकरे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कृष्णा भैंसे चराकर वापस घर लौट रहा था, इसी दौरान तालाब के किनारे से गुजरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
बालक के तालाब में डूबने की जानकारी मिलते ही उसकी तलाश शुरू की गई और रेस्क्यू टीम को भी मौके पर बुलाया गया। करीब 7 घंटे तक लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए मासूम का शव तालाब से बाहर निकाला। घटना के करीब 15 घंटे बाद बालक का शव बरामद हो सका।
मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




