राजनगर,सतेन्द्र सिंह परमार। मध्य प्रदेश के खजुराहो में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां इंजेक्शन लगने के बाद 14 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजुराहो थाना क्षेत्र में राजू पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 अप्रैल को जटकरा निवासी आशाराम पटेल उर्फ अससू पटेल के 14 वर्षीय पुत्र गर्भांश पटेल के पैर में साइकिल चलाते समय चोट लग गई थी। परिजन उसे इलाज के लिए सेवाग्राम स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां डॉक्टर ने टिटनेस का इंजेक्शन लगाकर पट्टी कर दी और अगले दिन फिर से आने को कहा।


बताया गया कि 26 अप्रैल को जब परिजन दोबारा क्लिनिक पहुंचे, तो डॉक्टर ने एक और इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद गर्भांश की हालत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी, जिसके बाद परिजन उसे दूसरे क्लिनिक और फिर छतरपुर के मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की विवेचना जारी है और डॉक्टर की भूमिका की जांच की जा रही है।