छतरपुर, संदीप यादव। जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात करीब 15 गार्ड पिछले सात माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। मंगलवार को सभी गार्ड एकत्रित होकर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे और आवेदन देकर बकाया वेतन दिलाए जाने की मांग की।


जनसुनवाई में आवेदन देने पहुंचे एक गार्ड ने बताया कि जिला अस्पताल में उन्हें वल्र्ड क्लास सर्विस एजेंसी के माध्यम से नियुक्त किया गया है। छतरपुर में वीरेंद्र बाजपेयी द्वारा उन्हें काम पर लगाया गया है। गार्ड के मुताबिक, वेतन के संबंध में पूछने पर उन्हें लगातार जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया जाता है। उनका कहना है कि कई बार सैलरी एक-दो दिन में खाते में डालने की बात कही गई, लेकिन सात महीने बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया।


गार्ड ने बताया कि प्रत्येक कर्मचारी को करीब 10 हजार 600 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाता है। सात महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और कर्मचारियों को कर्ज लेकर परिवार का भरण-पोषण करना पड़ रहा है।


गार्डों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया वेतन दिलाए जाने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे मजबूर होकर हड़ताल पर जाने का निर्णय ले सकते हैं, जिससे जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है।