दमोह/हिंडोरिया। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हिनौता गांव में गुरुवार रात जुआ पकड़ने गई पुलिस टीम की दबिश के दौरान 46 वर्षीय शिव सिंह लोधी (संतु) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस पर हिरासत में बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने के गंभीर आरोप लगाए।

अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति और देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) आनंद कलादगी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों के आक्रोश और निष्पक्ष जांच की मांग को देखते हुए एसपी ने दबिश देने वाली टीम के एएसआई, प्रधान आरक्षक और आरक्षकों सहित कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।


'हार्ट पेशेंट थे, लेकिन मौत पुलिस की पिटाई से हुई': परिजनों का आरोप

मृतक के बेटे और परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बेटे का कहना है कि हालांकि उनके पिता हार्ट के मरीज थे और उन्हें स्टंट (छल्ले) डले हुए थे, लेकिन उनकी मौत किसी बीमारी से नहीं बल्कि पुलिस की बर्बर पिटाई के कारण हुई है।

मृतक के भतीजे जय सिंह लोधी ने बताया कि गुरुवार रात बांदकपुर पुलिस सहायता केंद्र के एएसआई राजेंद्र मिश्रा का फोन आया था कि उनके चाचा की तबीयत खराब है और उन्हें कपड़े लेकर हिंडोरिया अस्पताल पहुंचना होगा। परिजन जब बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें इलाज के बजाय एक हॉल में शिव सिंह का शव स्ट्रेचर पर रखा मिला। इससे भड़के ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर में पुलिसकर्मियों को घेर लिया और दोषी स्टाफ को निलंबित करने की मांग को लेकर देर रात 1 बजे तक हंगामा किया।


यह भी पढि़ए: 2 मिनट 27 सेकंड के खौफनाक ऑडियो ने खोला राज:समझौते के बहाने बुलाकर पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर फंदे पर लटकाया


कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के आने की कही बात

घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल और पूर्व विधायक प्रदुम्न सिंह लोधी भी रात में ही हिंडोरिया अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से बात की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानक पटेल ने एसपी आनंद कलादगी से तीखी बातचीत करते हुए दो-टूक कहा कि अगर मामले में तत्काल जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी आंदोलन के लिए हिंडोरिया पहुंचेंगे। राजनीतिक दबाव और ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए प्रशासन ने रात में ही कार्रवाई के आदेश जारी किए।


एसपी बोले—भागते समय अचेत मिले थे, सीपीआर देकर अस्पताल पहुंचाया

मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि शाम करीब 6 बजे हिनौता गांव के पास जुआ संचालित होने की सूचना पर हिंडोरिया थाने और बांदकपुर चौकी की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही मौके पर भगदड़ मच गई और लोग भागने लगे। सर्चिंग के दौरान शिव सिंह अचेत अवस्था में मिले थे। पुलिसकर्मियों ने मौके पर उन्हें सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया और तत्काल शासकीय वाहन से हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी ने पुष्टि की कि मृतक की मेडिकल हिस्ट्री में हार्ट की गंभीर बीमारी दर्ज थी।


8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, सागर में डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम

घटना की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने बांदकपुर चौकी प्रभारी एएसआई राजेंद्र मिश्रा, एएसआई रामकुमार सिंह, प्रधान आरक्षक संजय पाठक, वीरेंद्र मिश्रा, अविनाश जाट, देवेंद्र ठाकुर, दीपचंद्र चौधरी और आरक्षक शिवसदन को तत्काल लाइन अटैच कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में एक विशेष जांच कमेटी गठित की गई है। इसके साथ ही पारदर्शिता बरतने के लिए मृतक का शव पंचनामा उपरांत बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर भेजा गया है, जहां डॉक्टरों के विशेष मेडिकल पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विभागीय जांच समिति के निष्कर्षों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।