टीकमगढ़/दिगोड़ा। दिगौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बछोड़ा के लोड़गंज खिरक में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला का शव आम के पेड़ पर फंदे से झूलता मिला, जबकि कुछ दूरी पर स्थित कुएं में उसके दोनों बच्चों के शव मिले। घटना की जानकारी लगते ही गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जतारा अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बछोड़ा के लोड़गंज निवासी रश्मि कुशवाहा (25) पति राहुल कुशवाहा का शव सुबह आम के पेड़ पर मिला। वहीं पास के कुएं में उसकी छह वर्षीय बेटी पूर्वी कुशवाहा और चार वर्षीय बेटे हार्दिक कुशवाहा के शव उतराते मिले। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने कुएं में उतरकर दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले।
यह भी पढि़ए: केन नदी पुल से वृद्ध दंपती ने नदी में लगाई छलांग :पन्ना नेशनल हाईवे पर टोरिया घाट के पास घटी घटना; बमीठा पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें केन नदी में कर रहीं तलाश
मौके पर जतारा एसडीओपी अनिल सिंह, दिगौड़ा तहसीलदार श्रीपत अहिरवार और फोरेंसिक जांच अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव सहित पुलिस एवं प्रशासन की टीम पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
मायके पक्ष ने लगाए हत्या के आरोप
महिला के पिता चैनू लाल कुशवाहा निवासी बैरबार और भाई देशपत कुशवाहा ने महिला के पति राहुल और ससुर कनछेदी पर हत्या के आरोप लगाए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि राहुल शराब पीने का आदी है और पत्नी के साथ मारपीट करता था। आरोप है कि 17 अगस्त को भी मारपीट की घटना हुई थी, जिसके बाद रश्मि दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। 18 अगस्त को जतारा थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मायके पक्ष के अनुसार 14 सितंबर को राहुल पत्नी और बच्चों को लेने बैरबार पहुंचा था। वहां उसने आगे मारपीट नहीं करने की बात कहते हुए माफी मांगी थी। इसके बाद रश्मि और दोनों बच्चों को उसके साथ भेज दिया गया था। मायके पक्ष ने इसी पारिवारिक विवाद को घटना से जोड़ते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ससुर ने बताया पारिवारिक विवाद
वहीं रश्मि के ससुर कनछेदी कुशवाहा ने आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि रश्मि का अपने पति के साथ आए दिन विवाद होता था। उनके अनुसार कुछ दिन पहले रश्मि ने कीटनाशक पदार्थ का सेवन भी किया था। ससुर का कहना है कि गुरुवार सुबह करीब चार बजे रश्मि दोनों बच्चों को लेकर घर से चली गई थी। बाद में बच्चों के शव कुएं में और रश्मि का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
पति ने सुबह की घटना की जानकारी बताई
रश्मि के पति राहुल कुशवाहा ने बताया कि रात में रश्मि दोनों बच्चों के साथ उसकी मां के पास सो रही थी। सुबह उठने पर उसकी मां ने बताया कि रश्मि दोनों बच्चों को लेकर कहीं चली गई है। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की, तब घटना की जानकारी सामने आई। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।












