मुंबई। मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (एमईसीएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, एमईसीएल ने 'यूपीएससी इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2024 (मैकेनिकल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)' के तहत कार्यकारी प्रशिक्षु (एग्जीक्यूटिव ट्रेनी) के विभिन्न 13 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।एमईसीएल की ओर से जारी कुल 13 रिक्तियों में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (इलेक्ट्रिकल) का 1, एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल) - खरीद एवं अनुबंध विभाग के 5, एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल) - भंडार एवं निपटान विभाग के 2 और एग्जीक्यूटिव ट्रेनी (मैकेनिकल) - ड्रिलिंग विभाग के 5 पद शामिल हैं।
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो गई और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त तक तय की गई थी, लेकिन इन पदों के लिए आवेदन पोर्टल को एक बार फिर खोल दिया गया है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पोस्ट पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने से चूक गए थे, वे अब एमईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय नई अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के अनुसार, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/मैकेनिकल इंजीनियरिंग या संबंधित में बीई/बीटेक या इसके बराबर की डिग्री कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पदों के लिए 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ईएसई) 2024 - लिखित परीक्षा अंक, यूपीएससी ईएसई 2024 - इंटरव्यू अंक के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी/पूर्व-सैनिक और विभागीय उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।













