बमीठा (छतरपुर), रोहित पाठक। छतरपुर जिले की बमीठा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गंज में एक सफेद रंग की ग्रांड विटारा कार से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से मुस्तैदी दिखाते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा, जबकि अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कुछ अन्य आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस ने वाहन और शराब की खेप को जब्त कर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर बमीठा पुलिस टीम ने गंज इलाके में घेराबंदी कर सफेद रंग की संदिग्ध कार को रोका। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसमें से कुल 16 पेटी देशी व विदेशी शराब बरामद हुई। तस्करों ने कार्रवाई से बचने के लिए कार के भीतर शराब छिपाने की पूरी व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस की जांच में कार की डिग्गी से 11 पेटी, बीच की सीट से 3 पेटी और आगे की सीट के पास से 2 पेटी शराब जब्त की गई।
बमीठा पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन (ग्रांड विटारा कार) को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ खपाने की योजना थी। पुलिस की इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई के बाद से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों और माफियाओं के बीच हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




