छतरपुर। शहर के जटाशंकर पैलेस में आगामी 22 मई 2026 को एक भव्य साहित्यिक आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में श्रीमती विमल बुंदेला के काव्य संग्रह 'तुम से शुरू तुम तक' और डॉ. आराधना सिंह बुंदेला के काव्य संग्रह 'संस्कृति की धरोहर' का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाम 5 बजे से बस स्टैंड के पास स्थित जटाशंकर पैलेस में होगा, जिसमें लोकार्पण के साथ-साथ 'संस्कृति की धरोहर' काव्य संग्रह पर विशेष साहित्यिक चर्चा भी आयोजित की जाएगी।


इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री डॉ. अवध किशोर जड़िया होंगे और कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवयित्री श्रीमती मालती श्रीवास्तव द्वारा की जाएगी। विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. बहादुर सिंह परमार, डॉ. गायत्री वाजपेयी, डॉ. शरद सिंह, सुश्री आभा श्रीवास्तव, कवि अभिराम पाठक और विकास चतुर्वेदी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. यशपाल सिंह बुंदेला मेदांता हॉस्पिटल, नोएडा के न्यूरो सर्जरी विभाग के डायरेक्टर एवं विभागाध्यक्ष ने साहित्य प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से आयोजन में शामिल होने की अपील की है।