अजयगढ़, मोहम्मद मुूस्तकीम। अजयगढ़ महाविद्यालय के प्राचार्य पर महाविद्यालय की छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। छात्राओं का आरोप है कि प्राचार्य उन्हें बुरी नजर से देखते हैं, अनुचित तरीके से स्पर्श करते हैं और उनके साथ बदतमीजी करते हैं। मामले को लेकर दर्जनों छात्र-छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य को पद से हटाने और सेवा समाप्ति के साथ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।


छात्राओं का कहना है कि कथित व्यवहार से महाविद्यालय का वातावरण प्रभावित हो रहा है और छात्राओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्र-छात्राओं ने प्रशासन को सात दिन के भीतर कार्रवाई करने का समय देते हुए मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।


मामले के सामने आने के बाद छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में भी नाराजगी बताई जा रही है। वहीं, छात्राओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्राचार्य की ओर से फिलहाल कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।