कटनी, प्रवीण तिवारी। जिले की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रभटा स्थित शासकीय हाई स्कूल में छात्रों को वितरित की गई साइकिलें करीब एक माह बाद वापस लिए जाने का मामला सामने आया है। बताया गया कि ग्राम पंचायत महंगवा से स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूल प्रबंधन द्वारा नि:शुल्क साइकिलें वितरित की गई थीं।


जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने महंगवा गांव से आने वाले विद्यार्थियों को साइकिलें उपलब्ध कराई थीं। करीब एक माह बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा इन साइकिलों को वापस ले लिया गया। इससे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में नाराजगी की स्थिति बनी हुई है।


मामले को लेकर स्कूल के प्रभारी प्राचार्य से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित विद्यार्थियों के नाम पोर्टल पर दर्ज नहीं होने के कारण साइकिलें वापस ली गई हैं। प्रभारी प्राचार्य के अनुसार, उन्होंने साइकिलों का ऑफलाइन वितरण किया था। उनका कहना था कि हर वर्ष ग्राम पंचायत महंगवा से आने वाले विद्यार्थियों को साइकिलें दी जाती रही हैं, इसलिए इस वर्ष भी उन्होंने विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित कर दी थीं।


प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि महंगवा गांव से स्कूल की दूरी करीब ढाई से तीन किलोमीटर है और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए साइकिलें दी गई थीं। वहीं, जब इस संबंध में बीईओ से फोन पर जानकारी ली गई तो उन्होंने मामले की जानकारी होने से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और वे मामले की जानकारी प्राप्त करेंगे।


अब सवाल यह है कि यदि विद्यार्थियों को नियमानुसार साइकिल वितरण के लिए पोर्टल पर नाम दर्ज होना आवश्यक था, तो बिना सत्यापन के साइकिलें क्यों वितरित की गईं और एक माह बाद उन्हें वापस लेने की नौबत क्यों आई। मामले में शिक्षा विभाग से स्पष्ट जानकारी और जांच की मांग की जा रही है।