मैहर। मैहर जिले के अमरपाटन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जरियारी में ई-रिक्शा चार्ज करते समय बिजली के जोरदार करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, जरियारी निवासी रज्जन यादव उम्र 23 वर्ष अपने घर पर ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए बिजली के बोर्ड में चार्जर का प्लग लगा रहा था। इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित हो रहे तेज करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अमरपाटन लेकर पहुंचे, जहां पदस्थ डॉ. सुशील गुप्ता एवं डॉक्टरों की टीम ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह दर्दनाक घटना बरसात के मौसम में बिजली उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की ओर इशारा करती है।