छतरपुर। सागर-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतरपुर जिले के चौका गांव के समीप शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो के बीच हुई जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि वाहन चालक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। सभी मृतक बिजावर क्षेत्र के निवासी थे और बगौता गांव में अपने एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें अपना निवाला बना लिया।
हादसा इतना वीभत्स था कि टक्कर के बाद बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर होकर मलबे में तब्दील हो गया और सड़क पर चारों तरफ खून व शव बिखर गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मुड़े हुए लोहे के बीच से शवों और गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में इनकी हुई दर्दनाक मौत:
- दौलत रैकवार (40 वर्ष), पिता दुर्गी रैकवार
- बीना रैकवार (38 वर्ष), पति दौलत रैकवार
- श्यामबाई रैकवार (60 वर्ष), पति दुर्गी रैकवार
- संजय रैकवार (25 वर्ष), पिता प्रमोद रैकवार
- कौशल्या रैकवार (50 वर्ष), पति लक्ष्मन रैकवार (सभी निवासी बिजावर)
बोलेरो चालक की हालत नाजुक, ग्वालियर रेफर
हादसे में बोलेरो चला रहे चालक छोटू रैकवार (निवासी ग्राम रगौली) अति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल छतरपुर से नाजुक हालत में तत्काल मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार चालक की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
अस्पताल परिसर में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की खबर जैसे ही परिजनों और रिश्तेदारों को लगी, अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। एक साथ परिवार के 5 सदस्यों के शव देखकर परिजनों के आंसू नहीं थम रहे थे और उनके करुण क्रंदन से वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहा पूरा परिवार खुद मौत के आगोश में समा गया, जिससे बिजावर और आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार ट्रक चालक के संबंध में पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
हादसे के बाद राजमार्ग पर खून, कांच के टुकड़े और गाड़ियों का मलबा फैल जाने से लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस बल ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क से क्षत-विक्षत शवों को हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कर आवागमन बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मृतकों और घायलों की शिनाख्त कराने में जुटी है, लेकिन इस भयावह मंजर ने प्रत्यक्षदर्शियों के जेहन में ऐसा खौफ भर दिया है जिसे भुलाना नामुमकिन है।
देखिए खौफनाक तस्वीरें
















