सतना, अंबिका केशरी। जिले के उचेहरा ब्लॉक अंतर्गत आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र परसमनिया में डायरिया के मामले सामने आने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। एक ही परिवार के चार लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां 7 वर्षीय मासूम किशुन दहिया की रास्ते में मौत हो गई। वहीं परिवार के तीन अन्य सदस्य शिवम दहिया (12 वर्ष), बाबूलाल दहिया (65 वर्ष) और शांति बाई (55 वर्ष) का सतना के एक निजी नर्सिंग होम में उपचार जारी है।


ग्रामीणों के अनुसार परिवार लंबे समय से कुएं का पानी पी रहा था। आशंका जताई जा रही है कि दूषित पानी के सेवन से डायरिया फैला हो, हालांकि बीमारी के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया गया कि पहले सभी मरीजों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से कथित तौर पर बिचौलियों के माध्यम से निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल मेडिकल टीम भेजकर जांच कराई जाए, ताकि बीमारी की असली वजह सामने आ सके और अन्य ग्रामीणों को सुरक्षित रखा जा सके। हैरानी की बात यह है कि मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले और इंटीग्रेटेड सर्विलांस प्रोग्राम (आईडीएसपी) तक भी नहीं पहुंची है।