छतरपुर, शिवम सोनी। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब एक ही पति के खिलाफ उसकी दोनों पत्नियां शिकायत लेकर पहुंचीं। दोनों महिलाओं ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।


पहली पत्नी प्रिया श्रीवास ने शिकायत में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2020 में वीरेंद्र श्रीवास के साथ हुआ था। उसके अनुसार दोनों के बीच विवाद को लेकर न्यायालय में मामला विचाराधीन है। आरोप है कि इसी दौरान पति ने बिना विवाह विच्छेद कराए कमला उर्फ कल्लो नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली। प्रिया का दावा है कि उसके पास शादी से संबंधित फोटो, निमंत्रण पत्र और बातचीत की रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य मौजूद हैं।


वहीं दूसरी पत्नी कमला ने भी पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट, प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। कमला का कहना है कि शादी के बाद उसे पता चला कि वीरेंद्र पहले से विवाहित है और उसकी करीब तीन साल की बच्ची भी है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। कमला ने यह भी आरोप लगाया कि सामान लेने पहुंचे मायके वालों पर गर्म पानी डालने की धमकी दी गई।


दोनों महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस द्वारा शिकायतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है।