मैहर। मध्यप्रदेश की सवा करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के लिए रक्षाबंधन का पर्व दोहरी खुशी लेकर आया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 अगस्त को मैहर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 13 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के खातों में सिंगल क्लिक के जरिए ₹2,148 करोड़ से अधिक की राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से ट्रांसफर करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मैहर जिले को ₹256 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात भी देंगे।

इस बार कुल ₹1,750 मिलेंगे

योजना की 39वीं किस्त के तहत प्रत्येक पात्र महिला के खाते में ₹1,500 भेजे जाएंगे, जिसकी कुल राशि ₹1,835.46 करोड़ बनती है। इसके अतिरिक्त, रक्षाबंधन के विशेष अवसर पर शासन की ओर से ₹250 का अतिरिक्त शगुन दिया जा रहा है, जिसकी कुल राशि ₹312.83 करोड़ है। इस प्रकार दोनों राशियों को मिलाकर प्रत्येक लाभार्थी के खाते में सीधे ₹1,750 पहुंचेंगे।

मैहर को ₹256 करोड़ की सौगात

राज्य स्तरीय समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव मैहर जिले में करीब ₹256 करोड़ की विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। इससे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं को नया विस्तार मिलेगा।

अब तक ₹63 हजार करोड़ से अधिक का अंतरण

जून 2023 से शुरू हुई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत अगस्त 2026 (39वीं किस्त) तक महिलाओं के खातों में कुल ₹63,248 करोड़ की आर्थिक सहायता पहुंचाई जा चुकी है। राज्य सरकार ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना हेतु ₹23,882.81 करोड़ का व्यापक बजट प्रावधान किया है।