भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी भोपाल के लक्ष्मी टॉकीज स्थित एक सराए में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि सराए में रखे फल-फ्रूट से भरे कई ठेले इसकी चपेट में आ गए और जलकर खाक हो गए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कई ठेलों को बाहर निकालकर बड़ा नुकसान होने से बचाया।


जानकारी के अनुसार सराए परिसर में कई वाहन भी खड़े हुए थे। आग बढ़ती देख लोगों ने तत्काल गाड़ियों को बाहर निकालना शुरू किया, जिससे वाहनों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के काफी देर बाद नगर निगम की दो फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।