छतरपुर/गढ़ीमलहरा। छतरपुर जिले के गढ़ीमलहरा नगर में बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों के ताले काटकर स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी है। नगर परिषद द्वारा बस स्टैंड पर बनाए गए न्यू मार्केट कॉम्प्लेक्स में संचालित तीन प्रमुख दुकानों के शटर और ताले काटकर अज्ञात चोर हजारों रुपये की नगदी व कीमती सामान समेट ले गए। सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद व्यापारियों में गहरा आक्रोश और दहशत का माहौल है।


सुबह खुली मिली आधी शटर और टूटे ताले, व्यापारियों में मचा हड़कंप

घटना की जानकारी सुबह तब लगी जब पीड़ित दुकानदार अपनी दुकानें खोलने न्यू मार्केट पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकानों के ताले कटे पड़े थे और शटर आधी खुली हुई थी। अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत गढ़ी मलहरा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का मौका-मुआयना कर जांच शुरू की।


इन तीन दुकानों को बनाया निशाना, नगदी व सामान पार

चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ लगी तीन दुकानों में सेंधमारी की:

  1. प्रेम एसएस कलेक्शन: दुकान संचालक सौरभ अहिरवार ने बताया कि गल्ले में रखे करीब 8 से 10 हजार रुपये नकद चोर चोरी कर ले गए।
  2. बीके फुटवियर: संचालक बाबू अहिरवार की दुकान से चोरों ने गल्ले में रखी नकदी के साथ-साथ कई कीमती जूते और चप्पल के डिब्बे पार कर दिए।
  3. प्रशांत मोबाइल शॉप: संचालक आयुष चौरसिया के अनुसार, चोर दुकान से ग्राहकों के रिपेयरिंग के लिए रखे 5 से 6 मोबाइल फोन और गल्ले में रखी नकदी चुराकर फरार हो गए।


बस स्टैंड पर चोरी से सुरक्षा पर उठे सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग

बस स्टैंड जैसे मुख्य और व्यस्ततम इलाके में स्थित न्यू मार्केट में एक साथ तीन दुकानों में चोरी की वारदात से पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि मुख्य बाजार में रात्रि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। पीड़ित व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से चोरों का शीघ्र सुराग लगाकर माल बरामद करने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।