दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले में बीती देर रात आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत बरमासे गांव के पास खेत में भूसा भरने का कार्य कर रहे मजदूरों की ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक तेज तूफान की चपेट में आकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बरपटी निवासी टीकाराम यादव खेत में अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भर रहा था। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टीकाराम ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद टीकाराम यादव को मृत घोषित कर दिया। घायल मजदूरों का उपचार जारी है, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

