मंदसौर,ललित शंकर धाकड़। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की अचानक मौत हो गई। घटना जिले के गरोठ क्षेत्र के पावटी गांव की बताई जा रही है, जहां कार्यकर्ता अपने केंद्र पर काम के दौरान ही अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी।


बताया जा रहा है कि घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन में शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग स्तब्ध हैं।


प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक महिला की तबीयत पहले से ही खराब रहती थी। वहीं भीषण गर्मी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को इस घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।