छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 में सामने आए पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश के बीच छिंदवाड़ा में आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी मोर्चा खोल दिया है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपकर परीक्षा रद्द किए जाने की मांग की। आम आदमी पार्टी ने इस घटनाक्रम को प्रदेश और देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य और उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत के साथ एक बड़ा अन्याय करार दिया है। पार्टी का कहना है कि प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक होना वर्तमान शिक्षा व्यवस्था और उसकी पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त इस भ्रष्टाचार ने छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ दिया है।


ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष सतीश राजपूत और प्रदेश संगठन मंत्री वीरेन्द्र विश्वकर्मा ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों ने कोचिंग और पढ़ाई पर अपनी गाढ़ी कमाई खर्च की है। पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण न केवल छात्रों का शैक्षणिक भविष्य दांव पर लगा है, बल्कि उनका भारी आर्थिक और मानसिक नुकसान भी हुआ है। पार्टी ने मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई की जाए जो मिसाल बने। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजू पाण्डे सहित अन्य वक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों के हक में आवाज बुलंद की।