सतना, अंबिका केशरी। रीवा-ग्वालियर एक्सप्रेस ट्रेन को सतना जंक्शन के बजाय कैमा स्टेशन से संचालित किए जाने के रेलवे प्रशासन के निर्णय का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। समाजसेवी राजेश दुबे ने स्टेशन प्रबंधक ए. मतीन को मांग-पत्र सौंपकर इस फैसले को जनभावनाओं के विपरीत बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
मांग-पत्र में कहा गया है कि सतना जंक्शन विंध्य क्षेत्र का प्रमुख और अत्यंत व्यस्त रेलवे स्टेशन है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्टेशन को बाईपास कर ट्रेन का संचालन कैमा स्टेशन से करना यात्रियों के हितों की अनदेखी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस निर्णय से यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
समाजसेवी राजेश दुबे ने मांग की है कि रीवा-ग्वालियर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव सतना जंक्शन पर सुनिश्चित किया जाए तथा ट्रेन को कैमा स्टेशन से संचालित करने और सतना को बाईपास करने का निर्णय तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए।
मांग-पत्र के माध्यम से रेलवे प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आम जनता के सहयोग से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।




