छतरपुर, संतोष शिवहरे। बमीठा थाना क्षेत्र के धार्मिक स्थल से एक युवक के लापता होने का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर (खुर्जा) से परिवार के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने आई प्रियंका वेदी का 28 वर्षीय भाई नीरज उर्फ पिंटू 19 सितंबर से लापता है। परिजनों के मुताबिक नीरज मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसके चलते परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
19 सितंबर से नहीं मिला कोई सुराग
प्रियंका वेदी के अनुसार उनका भाई 19 सितंबर को अचानक लापता हो गया था। इसके बाद से परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं। करीब 13 दिन बीत जाने के बाद भी नीरज का कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बमीठा पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज नहीं करने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि वह गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कई बार बमीठा थाने के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिला। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से परेशान होकर प्रियंका वेदी ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिया है।
यह भी पढिए: विद्यार्थियों को बांटी शिक्षण सामग्री :समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने निर्वाना फाउंडेशन ने किया कार्यक्रमविद्यार्थियों को बांटी शिक्षण सामग्री :समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने निर्वाना फाउंडेशन ने किया कार्यक्रम
आवेदन के माध्यम से उन्होंने पुलिस अधीक्षक से नीरज की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द तलाश शुरू कराने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दूसरे राज्य से आने के कारण परिवार को स्थानीय क्षेत्र की जानकारी नहीं होने से भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी देने वाले को 5 हजार रुपए इनाम
भाई का अब तक पता नहीं चलने पर प्रियंका ने आम लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी मदद की अपील की है। परिवार की ओर से घोषणा की गई है कि नीरज उर्फ पिंटू को ढूंढकर लाने या उसके संबंध में सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 5,000 रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा।
फिलहाल पीड़िता को पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही नीरज की तलाश शुरू कर उसे सुरक्षित वापस लाएगी।












