छतरपुर। जिले के भगवां थाना अंतर्गत घुवारा चौकी पुलिस ने ग्राम नदीखेरा के पास गल्ला व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट और मारपीट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप चालक और बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष निशा राजे आनंद सिंह के भतीजे प्रिंस राजा बुंदेला सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

अगस्त महीने में बड़ामलहरा निवासी गल्ला व्यापारी विकास असाटी उत्तर प्रदेश के ललितपुर में मटर की खेप बेचकर पिकअप वाहन से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भगवां रोड पर ग्राम नदीखेरा के पास सुनसान इलाके में बदमाशों ने वाहन को रुकवाकर व्यापारी के साथ बेरहमी से मारपीट की और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। फरियादी की शिकायत पर भगवां थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की लूट और मारपीट से संबंधित गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने आरोपियों की शीघ्र धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने ललितपुर से लेकर बड़ामलहरा तक के पूरे मार्ग पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साइबर सेल और सर्विलांस की मदद से जब कड़ियों को जोड़ा गया, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि व्यापारी के साथ मटर बेचकर लौट रहा पिकअप चालक भी लुटेरों के साथ पूरी साजिश में शामिल था और उसने ही रास्ते की पल-पल की लोकेशन बदमाशों को दी थी।

पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में वार्ड क्रमांक 7 बड़ा मलहरा निवासी पिकअप चालक इंद्रपाल उर्फ सत्येंद्र यादव (पिता सरमन यादव), वार्ड क्रमांक 6 बड़ा मलहरा निवासी प्रिंस राजा बुंदेला (पिता रुद्र प्रताप सिंह बुंदेला) और ग्राम टहनगा थाना बड़ा मलहरा निवासी विश्वजीत सिंह उर्फ बड़े राजा (पिता शिव प्रताप सिंह बुंदेला) शामिल हैं। इनमें प्रिंस राजा बुंदेला बड़ामलहरा नगर परिषद अध्यक्ष का भतीजा है, जबकि विश्वजीत सिंह उर्फ बड़े राजा के खिलाफ पूर्व से चोरी और मारपीट के दो आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि लूट की पूरी साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी तरुण पटेल कुशवाहा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस अंधे कत्ल और लूट जैसी चुनौतीपूर्ण वारदात का पर्दाफाश करने में भगवां थाना प्रभारी निरीक्षक श्रद्धा शुक्ला, घुवारा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहर सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक छत्र प्रकाश व धर्मेंद्र चतुर्वेदी तथा आरक्षक रोहित, राजेश प्रजापति, हरि सिंह, प्रमोद, भरत, सुनील व विजय सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पकड़े गए तीनों आरोपियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।