नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) टीएस संधू ने गुरुवार को रोहिणी में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच लोकप्रिय स्थानीय 'आरंभ लाइब्रेरी' का भी दौरा किया और युवाओं को अनुशासन और दृढ़ संकल्प का मंत्र दिया।
रोहिणी के सेक्टर-33 में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन समारोह के दौरान संधू ने घोषणा की कि युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और हॉकी जैसे टीम खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए एलजी कप फॉर हॉकी का आयोजन 9 से 18 अक्टूबर तक किया जाएगा।
यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स करीब 8.11 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है और इसका बिल्ट-अप एरिया लगभग 10,974 वर्ग मीटर है। इसे रोहिणी, बाहरी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आसपास के इलाकों के निवासियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
लाइब्रेरी में छात्रों से बातचीत करते हुए एलजी संधू ने कहा कि इस लाइब्रेरी की छात्रों के बीच काफी मांग है। इसे देखते हुए रोहिणी की लाइब्रेरी का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए ऊपरी मंजिल का इस्तेमाल करते हुए 40 से अधिक अतिरिक्त सीटें बनाई जाएंगी।
लाइब्रेरी के दौरे के बाद उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "दिल्ली सरकार के मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह के साथ रोहिणी के सेक्टर-11 स्थित डीडीए की 'आरंभ लाइब्रेरी' का दौरा किया और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ समय बिताया। उनके साथ बैठकर उनकी तैयारी, चुनौतियों और दबाव के बारे में जाना और अपने छात्र जीवन के अनुभव भी उनके साथ साझा किए।"
एलजी संधू ने एक्स पर कहा, "मेरा संदेश सरल था: सकारात्मक, नियमित और अनुशासित रहें। असफलताओं को सफलता की सीढ़ी बनाएं और अपने लक्ष्य से कभी नजर न हटाएं। इन युवा छात्रों का साहस, समर्पण और दृढ़ संकल्प प्रेरणादायक है। आगे बढ़ते रहें, सीखते रहें और खुद पर विश्वास रखें। सफलता जरूर मिलेगी।"
उपराज्यपाल ने कॉलेजों के आसपास स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीटीवी कवरेज को मजबूत करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही कॉलेज परिसरों के पास समर्पित नोडल पुलिस अधिकारी और पिंक बूथ की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के महिला कॉलेजों के प्राचार्यों, डीयू के कुलपति योगेश सिंह और दिल्ली पुलिस, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, डीडीए तथा दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में कॉलेज परिसरों और उनके आसपास तथा आवागमन के दौरान छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
लगभग सभी कॉलेजों ने बैठक में कुछ सामान्य समस्याएं उठाईं। इनमें ई-रिक्शा से जुड़ी समस्या, सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की कमी, फुटपाथ और पैदल रास्तों पर अतिक्रमण, अनियंत्रित वेंडिंग, अंधेरे वाले स्थान और पर्याप्त रोशनी की कमी, कॉलेज परिसरों के पास असुरक्षित पार्क, सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति, अश्लील हरकतों की घटनाएं तथा ज्यादा पिंक बूथ और पुलिस गश्त की जरूरत जैसे मुद्दे शामिल थे।
यह बैठक एलजी संधू के पिछले तीन दिनों के दौरान दौलत राम कॉलेज और इंद्रप्रस्थ कॉलेज के औचक दौरे तथा 25 सितंबर को बोंटा पार्क के अचानक निरीक्षण के बाद हुई। इन दौरों का उद्देश्य महिला छात्रों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा से जुड़ी जमीनी समस्याओं को सीधे समझना था।











