भोपाल, जीतेन्द्र यादव। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राज्य सरकार पर बढ़ते कर्ज, सरदार सरोवर बांध, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और मंदिरों में हो रही चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पर प्रति व्यक्ति करीब 5 लाख 61 हजार रुपये का कर्ज हो चुका है और सरकार जनता के पैसे का उपयोग विकास के बजाय सरकारी आयोजनों पर कर रही है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस लगातार राज्य सरकार से कर्ज को लेकर श्वेत पत्र जारी करने की मांग कर रही है, लेकिन आज तक सरकार ने इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।


पटवारी ने सरदार सरोवर बांध का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डूब क्षेत्र, विस्थापन और 178 गांवों के पुनर्वास का सबसे अधिक दंश मध्यप्रदेश ने झेला, लेकिन इसके बावजूद राज्य के हिस्से का लगभग 7 हजार 500 करोड़ रुपये छोड़ दिए गए। उन्होंने सवाल किया कि केवल 231 करोड़ रुपये मिलने का दावा क्यों किया जा रहा है और प्रदेश के अधिकार की राशि किस आधार पर छोड़ी गई। उन्होंने इस पूरे मामले में श्वेत पत्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि न तो इस विषय पर कैबिनेट में चर्चा हुई, न विधानसभा में और न ही विपक्ष या पर्यावरणविदों से कोई राय ली गई।


मौन सत्याग्रह को लेकर पूछे गए सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि उनकी नाराजगी किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि उस व्यवस्था से है जो देश में लागू की जा रही है। यूसीसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र का विषय है और प्रदेश में इसे मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है।


दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस उम्मीदवार की घोषणा पर पटवारी ने कहा कि शाम तक सभी की जिज्ञासा समाप्त हो जाएगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और दतिया उपचुनाव में जीत कांग्रेस की ही होगी। वहीं मंदिरों में चंदा चोरी की घटनाओं पर उन्होंने कहा कि लगातार धर्म की आड़ में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो चिंता का विषय है।