नई दिल्ली, 17 मई । अंबाती रायडू का मानना है कि सुनील नरेन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी हैं। नरेन ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ हुए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को जीत दिलाने में गेंद से अहम भूमिका निभाई। शनिवार को ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में नरेन ने 4 ओवर के स्पेल में 29 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया।अंबाती रायडू ने 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' से बात करते हुए कहा कि नरेन की निरंतरता और बल्ले और गेंद दोनों से मैच पर असर डालने की काबिलियत उन्हें टूर्नामेंट का अब तक का सबसे महान खिलाड़ी बनाती है।
रायडू ने कहा, "मेरे हिसाब से सुनील नरेन अब तक के सबसे बेस्ट आईपीएल खिलाड़ी हैं। वह गेंद और बल्ले दोनों से मैच-विनर है। आईपीएल में कई बेहतरीन खिलाड़ी हुए हैं, लेकिन नरेन हमेशा सबसे अलग दिखते हैं। वह मेरे लिए लिस्ट में सबसे ऊपर है।"
नरेन का लंबा करियर और इम्पैक्ट उन्हें लीग में सबसे अलग बनाता है। वह आईपीएल इतिहास में 205 विकेट के साथ तीसरे सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। नरेन से आगे सिर्फ युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार हैं।
साल 2012 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खेमे में शामिल हुए नरेन ने केकेआर को तीन आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। साल 2012 में उन्होंने 5.47 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 24 विकेट झटके थे और केकेआर को पहली बार चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके बाद 2014 में उन्होंने 21 विकेट अपने नाम किए, जबकि 2024 में उन्होंने 17 विकेट निकाले थे। खास बात यह है कि नरेन ने एक भी आईपीएल सीजन में कभी भी 8 रन प्रति ओवर से ज्यादा नहीं दिए हैं। वह लीग के सबसे किफायती गेंदबाजों में से एक हैं।
रायडू ने यह भी बताया कि दूसरे बड़े टी20 स्पिनरों की तुलना में नरेन का सामना करना इतना मुश्किल क्यों है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि राशिद खान के साथ एक अनोखी समस्या है, खासकर ऐसी पिचों पर, क्योंकि हर चीज जैसे 'टॉपस्पिन' होती है। जब उस तरह की गेंद सतह पर आती है, तो वह तेजी से बल्ले पर आती है। हालांकि, सुनील नरेन जो भी गेंदें करते हैं, वह सतह पर टिक जाती है। ऐसा हमेशा होता है। उनकी गेंद कभी बल्ले पर फिसलती नहीं है। एक बल्लेबाज के तौर पर, सुनील नरेन जैसे किसी के खिलाफ लाइन अप करना हमेशा मुश्किल होता है क्योंकि गेंद टिक जाती है। आप अक्सर अपना शेप खो देते हैं।"




