बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले की बटियागढ़ तहसील अंतर्गत घनश्यामपुरा बायपास रोड पर छात्रावास के सामने सड़क किनारे चाय-पान का व्यवसाय करने वाले गोपाल आदिवासी का टीनशेड आशियाना प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन से हटाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि लगातार बारिश के बीच बिना कोई पूर्व नोटिस जारी किए कार्रवाई की गई, जिससे उनका आशियाना और उसमें रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


पीड़ित के पुत्र रोहित ने बताया कि तहसील कार्यालय द्वारा पूर्व में अर्थदंड की राशि जमा कराई गई थी, जिसकी रसीद भी उनके पास मौजूद है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर अतिक्रमण होने के बावजूद अन्य लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उनके परिवार पर ही कार्रवाई कर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार चाय-पान की दुकान से ही आजीविका चला रहा था, लेकिन तहसील प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा बिना किसी पूर्व सूचना के जेसीबी से दीवारें गिरा दीं।


पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि अर्थदंड जमा कराने के दौरान उनसे 5 हजार रुपये लिए जाते थे, जबकि 4 हजार रुपये की रसीद दी जाती थी। उनका कहना है कि यह क्रम कई बार चला, लेकिन इसके बावजूद बिना नोटिस दिए उनका आशियाना ध्वस्त कर दिया गया। मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय और उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पक्ष सामने आना शेष है।