भोपाल/रायसेन, जीतेन्द्र यादव। रायसेन जिले की 63 वर्षीय वृद्ध महिला किसान सावित्री बाई कुशवाहा ने भूमाफियाओं पर धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


पीड़िता के अनुसार, आशुतोष पटेल और रविंद्र दहिया नामक व्यक्तियों ने जमीन विक्रय अनुबंध कराने के नाम पर उन्हें विश्वास में लिया। महिला का आरोप है कि उन्हें यह बताया गया था कि केवल अनुबंध का पंजीयन कराया जा रहा है, लेकिन आरोपियों ने कथित रूप से साजिश और मिलीभगत कर उनकी 3.06 एकड़ कृषि भूमि की विक्रय रजिस्ट्री अपने नाम करा ली।


सावित्री बाई का कहना है कि उन्हें इस कथित धोखाधड़ी की जानकारी बाद में नामांतरण प्रक्रिया के दौरान मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बयाना राशि वापस करने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम भी हासिल कर ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं।


पीड़िता ने पुलिस कमिश्नर से मामले की गहन जांच कराने, दस्तावेजों की पड़ताल करने तथा आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जमीन हड़पने और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।