उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित चिमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ढाचा भवन इलाके में चरित्र शंका के चलते एक पति द्वारा अपनी ही पत्नी पर धारदार दराते से जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात 1 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है, जिसका रूह कंपा देने वाला सीसीटीवी फुटेज रविवार को सार्वजनिक हुआ। फुटेज में आरोपी पति हाथ में धारदार दराता लेकर महिला पर अंधाधुंध वार करता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास मौजूद कुछ लोग उसे रोकने के लिए आवाज लगाते और चीखते नजर आ रहे हैं। हमले में महिला के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़िता माला ने चिमनगंज थाना पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसका पति सुनील आदतन उसके चरित्र पर संदेह करता है। पति के रोज-रोज के विवाद, गाली-गलौज और मारपीट से तंग आकर वह पिछले छह महीने से उससे अलग रह रही थी। दंपति के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बड़ी बेटी और दो छोटे बेटे शामिल हैं। बच्चों के भरण-पोषण और घर के खर्च की जिम्मेदारी अकेले पीड़िता के कंधों पर थी, जिसके चलते वह एक स्थानीय होटल में काम कर परिवार का गुजारा कर रही थी। आरोपी पति को उसके काम पर जाने से भी सख्त एतराज था और वह लगातार उसके साथ झगड़ा करता था।


काम-धंधा छोड़कर बैठा था पति, खर्चा मांगने पर दराता लेकर टूट पड़ा

महिला के अनुसार, आरोपी सुनील पहले ई-रिक्शा चलाता था, लेकिन पिछले काफी समय से उसने कामकाज पूरी तरह बंद कर रखा था और बच्चों के खर्च के लिए एक रुपया भी नहीं देता था। 1 अक्टूबर की रात इसी पारिवारिक खर्च और काम पर जाने को लेकर दोनों के बीच फिर से तीखा विवाद हुआ। विवाद के दौरान तैश में आया सुनील अचानक धारदार दराता लेकर पहुंचा और पत्नी पर टूट पड़ा। महिला ने भागकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे घेरकर बेरहमी से वार किए, जिससे वह लहूलुहान हो गई।


वारदात के तीन दिन बाद फुटेज वायरल, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

खूनी हमले के बाद पीड़िता ने परिजनों की मदद से चिमनगंज थाने पहुंचकर नामजद शिकायत दर्ज कराई। घटना के तीन दिन बाद रविवार को वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। चिमनगंज थाना पुलिस ने पीड़िता के बयानों और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर आरोपी सुनील के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात के बाद से आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा।