भिंड, अक्षय जोशी। जिले के शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में महिला की निजता से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने बिजली विभाग के एक डिस्ट्रिब्यूशन इंजीनियर (डीई) पर बाथरूम में नहाते समय चोरी-छिपे मोबाइल फोन से वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पीड़िता के अनुसार, वह अपने घर के बाथरूम में स्नान कर रही थी। इसी दौरान उसकी नजर एक मोबाइल फोन पर पड़ी, जिससे कथित रूप से उसका वीडियो बनाया जा रहा था। महिला ने तत्काल शोर मचाया, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।


परिजनों ने आरोपी को शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन को जब्त कर उसकी जांच की जा रही है।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रकरण दर्ज कर विवेचना जारी है।