पन्ना, अमित राठौर। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में एक मदरसे में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकुरिया मोहल्ला स्थित एक मदरसे की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने मदरसे के मौलाना को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि मौलाना ने नाबालिग छात्रा को पहले एक कमरे में बंद किया और इसके बाद उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। आरोप यह भी है कि घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड न हो सके, इसके लिए मदरसे में लगे कैमरों की वायर काट दी गई थी।
मामले की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी मौलाना सागर जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पन्ना की एडिशनल एसपी वंदना सिंह चौहान के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।




